जालंधर | शहर के टांडा फाटक पर मोगा से पठानकोट जा रही ईंटों से भरी ट्राली का एक्सल टूटने की वजह से रेलवे लाइन करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रही। घटना सुबह लगभग 8 बजे हुई, जब ट्राली फाटक के बीच ही खड़ी हो गई।
सूत्रों के अनुसार, घटना के समय 50 से अधिक लोग ट्राली को हटाने की कोशिश में जुट गए, लेकिन भारी वजन के कारण उसे आगे नहीं बढ़ा सके। फाटक गेटमैन ने तुरंत रेलवे विभाग के उच्च अधिकारियों को इस बारे में सूचित किया।
ट्राली को हटाने के लिए मजदूरों ने पहले उसमें से ईंटें निकालनी शुरू की। इसके बाद क्रेन की मदद से ट्राली को फाटक के किनारे खिसकाया गया, जिससे ट्रैक फिर से चालू हो सका। ट्राली चालक ने बताया कि वह मोगा से जालंधर-पठानकोट चौक की ओर जा रहा था।
खुशकिस्मती से हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। मौके पर पहुंची आरपीएफ और रेलवे टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एक्सल टूटने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।