Kullu, 2 January-:रोहतांग के पास स्थित विश्व प्रसिद्ध अटल टनल गुरुवार शाम उस समय चर्चा में आ गई, जब सुरंग के भीतर एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार के कारण हुए इस हादसे में चार वाहन आपस में टकरा गए, जिससे कुछ देर के लिए टनल के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरंग के भीतर एक कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और आगे चल रहे वाहन से जा टकराई। यह टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे से आ रहे अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते यह टक्कर एक के बाद एक होती चली गई और कुल चार वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में वाहनों के आगे और पीछे के हिस्सों को काफी नुकसान पहुंचा है।टनल के भीतर हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही मनाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सुरक्षित दूरी न बनाए रखना हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि टनल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस और प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर बर्फीले और फिसलन भरे इलाकों में। प्रशासन ने सलाह दी है कि टनल के भीतर निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन किया जाए और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखी जाए। इसके अलावा बर्फबारी वाले क्षेत्रों में 4×4 वाहनों के उपयोग को प्राथमिकता देने की भी अपील की गई है।प्रशासन का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए नियमों का पालन कर ही यात्रा करें।