यमुनानगर। हरियाणा के जगाधरी में एक महिला से रेलवे में नौकरी दिलाने और शादी का वादा कर दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला मध्य प्रदेश के इंदौर से जुड़ा होने के कारण जीरो एफआईआर दर्ज कर केस संबंधित थाने को ट्रांसफर कर दिया गया है।
पीड़िता (32) के अनुसार, उसकी मुलाकात आरोपी विनीत जायसवाल से एक रिश्तेदार के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने खुद को रेलवे में कार्यरत बताते हुए नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। महिला का आरोप है कि दिसंबर 2023 में बातचीत के बहाने आरोपी ने उसे अपने क्वार्टर पर बुलाया, जहां चाय पीने के बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसे दुष्कर्म का पता चला।
महिला का कहना है कि घटना के बाद आरोपी ने शादी करने और नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर मामला दबाने की कोशिश की। इसके बाद उसने इंदौर में किराए का कमरा दिलवाया और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। इसी दौरान महिला गर्भवती हो गई, लेकिन बाद में आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उससे गहने बिकवाकर लाखों रुपये लिए और अब रकम लौटाने से मना कर रहा है। शिकायत के आधार पर जगाधरी शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।