राई। बहालगढ़ क्षेत्र में सितंबर माह में हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे दो सगे भाइयों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान मुख्य आरोपित समीर मलिक पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके भाई साजिद को मौके से दबोच लिया गया।
घायल समीर मलिक को उपचार के लिए पहले सरकारी अस्पताल सोनीपत ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित किसी लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। आरोपितों के कब्जे से एक देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक क्राइम यूनिट कुंडली की टीम, एसआई जितेंद्र के नेतृत्व में एनएच-44 पर सेक्टर-7 मोड़ के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बहालगढ़ के आशु हत्याकांड में शामिल इदगाह कॉलोनी, सोनीपत निवासी समीर मलिक उर्फ कांछा और उसका भाई साजिद उर्फ मोगली मुरथल फ्लाईओवर की सर्विस रोड के पास झाड़ियों में बाइक के साथ छिपे हुए हैं। यह भी सूचना मिली कि दोनों के पास अवैध हथियार हैं और वे लूट की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपित मोटरसाइकिल छोड़कर झाड़ियों की ओर भागने लगे। पुलिस द्वारा रुकने की चेतावनी देने पर एक आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को घायल कर गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे को भी काबू कर लिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।