कैथल। जिले के कलायत क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और अवैध खाद्य कारोबार के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए एक अवैध डेयरी पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान लगभग 1300 लीटर खराब और असुरक्षित दूध बरामद किया गया, जिसे जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
यह कार्रवाई पुरानी तहसील के सामने संचालित एक डेयरी पर की गई, जहां जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पवन के नेतृत्व में विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान डेयरी संचालक संदीप कुमार किसी भी प्रकार का वैध लाइसेंस या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
बिना लाइसेंस संचालन पर चालान, डेयरी बंद करने के आदेश
बिना लाइसेंस डेयरी चलाने के आरोप में विभाग ने मौके पर ही संचालक का चालान काटा और डेयरी को तुरंत बंद करने के लिए लिखित नोटिस जारी किया। अधिकारियों ने बताया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दूध के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए
खाद्य सुरक्षा विभाग ने दूध की गुणवत्ता और संभावित मिलावट की पुष्टि के लिए दो सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे दूध और दुग्ध उत्पाद केवल लाइसेंस प्राप्त और भरोसेमंद विक्रेताओं से ही खरीदें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना विभाग को तुरंत दें।