फरीदाबाद | संजय कॉलोनी में 16 वर्षीय युवक रवि की पीट-पीट कर हत्या का मामला सामने आया है। घटना 30 दिसंबर की है, जब मामूली कहासुनी को लेकर कुछ युवकों ने रवि पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रवि को परिजनों ने बीके सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे निजी अस्पताल में रेफर किया गया। 6 दिन तक उपचार के बावजूद रवि ने कल दम तोड़ दिया।
पुलिस ने इस मामले में पहले ही दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मृतक का आज पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
संजय कॉलोनी पुलिस चौकी के इंचार्ज ने बताया कि रवि का मामला शुरू में झगड़े के रूप में दर्ज किया गया था, लेकिन उसकी मौत के बाद अब इसे हत्या की धाराओं के तहत जांच के दायरे में लिया गया है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में कई अन्य युवक बाइक पर भागते हुए देखे गए हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच और पुलिस टीम तेजी से काम कर रही है। मृतक के दोस्तों और परिजनों ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और न्याय की मांग की है।