नई दिल्ली। शहर के शीला खेड़ा ड्रेन के पास 30 दिसंबर को सूटकेस में मिली युवती के शव के मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अहम खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, रिपोर्ट से पता चला है कि युवती की हत्या शव मिलने से लगभग 48 घंटे पहले गला दबाकर की गई थी। हत्या के बाद शव को सूटकेस में रखा गया था।
युवती के ब्लड और डीएनए सैंपल मधुबन लैब भेजे गए हैं। जांच से यह पता लगाया जाएगा कि हत्या से पहले युवती को कोई नशीला या जहरीला पदार्थ तो नहीं दिया गया था। इसके साथ ही बोन मेरो के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं, जिससे महिला की पहचान में मदद मिलेगी। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर सचिन मांडले ने बताया कि मृतक महिला की उम्र लगभग 30-35 वर्ष के बीच लगती है और जांच के लिए सभी सैंपल लैब भेजे गए हैं।
इस मामले की जांच के लिए पुलिस की पांच टीमें जुटी हुई हैं। इनमें तीन CIA टीम, एक सिटी थाना और एक अनाज मंडी चौक की टीम शामिल है। जांच में यह सामने आया है कि शव को रात के समय फेंका गया था। पुलिस आसपास के क्षेत्र के CCTV फुटेज खंगाल रही है और कैथल जिले समेत अन्य जिलों में युवती की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शव पानी में रहने के कारण फूल गया था और कुछ अंग गल चुके थे, जिससे पहचान और जांच में कठिनाई हो रही है। जांच अधिकारी मामले की गहन जांच कर रहे हैं और जल्द ही अपराधियों तक पहुँचने की कोशिश की जा रही है।