लुधियाना । मन्ना सिंह नगर क्षेत्र में एक फैक्ट्री के बाहर खड़ी आई-20 कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की तारें भी इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं किया जाता तो पास स्थित फैक्ट्री को भी भारी नुकसान हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगते ही उन्होंने खुद बचाव कार्य शुरू कर दिया। लकड़ी के गट्टों की मदद से आग लगी कार को आगे की ओर खिसकाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लोगों का कहना है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी कुछ देरी से पहुंची, लेकिन तब तक कार को खतरनाक स्थान से दूर किया जा चुका था।
बताया गया कि जिस फैक्ट्री के बाहर कार खड़ी थी, वह किराये पर ली गई है। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई, हालांकि कार में आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।