Mandi, Dharamveer-:मंडी जिला कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त अध्यक्ष चंपा ठाकुर के पदभार संभालते ही द्रंग विधानसभा क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है। बेटी के अध्यक्ष बनने की खुशी में मायके द्रंग के लोग बड़ी संख्या में उनके आवास पर पहुंचकर बधाइयां दे रहे हैं। बीते कई दिनों से द्रंग क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों का तांता उनके घर लगा हुआ है।
चंपा ठाकुर पूर्व मंत्री और द्रंग से आठ बार विधायक रह चुके कौल सिंह ठाकुर की बेटी हैं। राजनीतिक विरासत के साथ संगठनात्मक जिम्मेदारी मिलने पर क्षेत्र में इसे सम्मान और गर्व के रूप में देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि कौल सिंह ठाकुर ने द्रंग में विकास के जो मजबूत आधार तैयार किए, उसी का परिणाम है कि आज चंपा ठाकुर को भी भरपूर स्नेह और समर्थन मिल रहा है।इस मौके पर चंपा ठाकुर ने द्रंग क्षेत्र के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि द्रंग उनका मायका है और यहां से मिले प्यार, मान-सम्मान और सहयोग को वे जीवनभर नहीं भूल सकतीं। उन्होंने कहा कि पिताजी के कार्यों का आशीर्वाद आज उन्हें भी मिल रहा है, जो उनकी नई जिम्मेदारी को और मजबूत करता है।उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी जिला कांग्रेस पिछले करीब दस वर्षों से संगठनात्मक बिखराव से जूझ रही है। उनकी प्राथमिकता पार्टी को फिर से एकजुट करना है। जो कार्यकर्ता किसी कारणवश नाराज होकर घर बैठ गए हैं, उन्हें सम्मान के साथ वापस संगठन से जोड़ा जाएगा। चंपा ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत कर आगामी विधानसभा चुनावों के लिए तैयार किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि चंपा ठाकुर का विवाह सदर विधानसभा क्षेत्र के डॉ. जोगिंद्र ठाकुर से हुआ है और वे स्वयं भी दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। संगठन और चुनावी अनुभव के सहारे अब वे मंडी जिला कांग्रेस को नई दिशा देने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी में हैं।