अंबाला। अंबाला छावनी के मीठापुर इलाके में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक सफेद आई-20 कार ने सड़क पार कर रही एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला करीब 20 फुट तक सड़क पर घसीटती चली गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक महिला मोदी भट्टे पर काम करती थी और दवा लेने के लिए मीठापुर गई हुई थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी और चालक बिना रुके मौके से भाग गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मृतक महिला के देवर ने बताया कि हादसा अचानक हुआ और कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उन्होंने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी रघुबीर ने बताया कि यह स्पष्ट रूप से हिट एंड रन का मामला प्रतीत होता है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल कार का आंशिक विवरण सामने आया है, जो HR-78A सीरीज की सफेद आई-20 बताई जा रही है। आरोपी चालक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।