करनाल | हरियाणा के करनाल से दुखद खबर सामने आई है। करनाल के युवक मुकेश कुमार की स्पेन में अचानक मौत हो गई। मुकेश साइकिल पर फूड डिलीवरी के लिए जा रहा था, तभी वह सड़क पर गिर गया। आसपास के लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कैमला गांव निवासी मुकेश कुमार के रूप में हुई है। उसने लगभग एक साल पहले लव मैरिज की थी और तीन महीने पहले ही अपनी पत्नी के साथ स्पेन गया था। वह बार्सिलोना शहर में रह रहा था और वहीं काम कर रहा था।
स्पेन में डॉक्टरों के मुताबिक, मुकेश को हार्ट अटैक आया था। मुकेश का शव भारत लाया जाएगा और इसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार ने मुकेश और उसकी पत्नी के लिए टूरिस्ट वीजा अप्लाई करने में लगभग 20 लाख रुपए खर्च किए थे।
मुकेश की अचानक मौत से परिवार और स्थानीय समुदाय में गहरा शोक है। परिजन और मित्र उनके असमय निधन पर दुख व्यक्त कर रहे हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।