अंबाला। अंबाला के तोपखाना बाजार क्षेत्र में एक महिला पर केमिकल फेंकने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। खाटू श्याम मंदिर से लौट रही रोशनी नामक महिला पर बाइक सवार दो युवकों ने ज्वलनशील केमिकल फेंक दिया, जिससे उसके कपड़े झुलस गए। गनीमत रही कि महिला की जान बच गई।
पीड़िता रोशनी, निवासी तोपखाना परेड ने अंबाला कैंट थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 जनवरी की शाम वह पैदल खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के लिए गई थी। करीब एक घंटे बाद जब वह मंदिर से लौटकर घर के पास पहुंची, तभी मंदिर की ओर से आए बाइक सवार दो युवकों ने उसके ऊपर प्लास्टिक के डिब्बे में भरा केमिकल फेंक दिया।
केमिकल गिरते ही कपड़ों से धुआं उठने लगा और शरीर में तेज जलन होने लगी। रोशनी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान उसकी ननद रेखा और पति नरेश कुमार भी वहां आ गए। समय रहते मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जानबूझकर नुकसान पहुंचाने और कुरूप करने की नीयत से यह हमला किया। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।