बागपत | बागपत के गौना गांव निवासी 45 वर्षीय स्कूल बस चालक शिवशंकर की उसके ही दोस्तों ने हरियाणा ले जाकर हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी शव को घर छोड़कर यह कहकर चले गए कि वह अत्यधिक शराब पीने के कारण नशे में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद हत्या की पुष्टि हुई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिवशंकर पुत्र रामकुमार गाजियाबाद में स्कूल बस चलाता था। परिजनों के अनुसार बुधवार को वह अपने साथी विकास और ईश्वर यादव के साथ गांव के ही लीलू यादव की बेटी के कोथली कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ग्राम खरहड़, जिला मानेसर (हरियाणा) गया था। दोपहर में विकास ने शिवशंकर को बड़ागांव टोल प्लाजा पर बुलाया, जहां उसका भतीजा यश उसे छोड़कर आया था। इसके बाद सभी लोग हरियाणा रवाना हुए।
परिजनों का आरोप है कि गुरुवार तड़के करीब तीन बजे विकास और ईश्वर शिवशंकर को घर छोड़ गए और बताया कि उसने अधिक शराब पी ली है। जब स्वजन ने उसे देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट में शरीर पर चोटों के निशान पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध से हत्या में तब्दील हो गया।
थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटें सामने आने के बाद हत्या की आशंका प्रबल हो गई है। स्वजन की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
शिवशंकर अपने पीछे तीन बेटियां और एक छोटा बेटा छोड़ गया है। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पत्नी व बच्चों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।