पलवल। पलवल पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए होडल क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर स्थित ओयो गेस्ट हाउसों पर छापेमारी कर 10 युवतियों सहित कुल 17 युवक-युवतियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई “ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन” के तहत की गई।
डीएसपी हेडक्वार्टर अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होडल के बाबरी मोड़ के पास कुछ ओयो गेस्ट हाउसों में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर जिला पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के निर्देश पर डीएसपी होडल साहिल ढिल्लों के नेतृत्व में महिला पुलिस टीमों के साथ छापेमारी की गई।
पुलिस ने फर्जी ग्राहक भेजकर दबिश दी। छापेमारी के दौरान एक ओयो गेस्ट हाउस से छह युवतियों को पकड़ा गया, जिन्हें उनकी सहमति से ग्राहकों के लिए लाया गया था। मौके से गेस्ट हाउस के मैनेजर/संचालक सहित तीन युवक भी काबू किए गए। वहीं दूसरे ओयो होटल से भी पांच युवतियों के साथ मैनेजर/संचालक सहित तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया।
डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान पकड़े गए सभी युवक-युवतियां आपत्तिजनक अवस्था में पाए गए। पुलिस के पहुंचते ही दोनों स्थानों पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने सतर्कता से कार्रवाई को अंजाम दिया। दोनों गेस्ट हाउसों से कुल 11 महिलाओं और छह पुरुषों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में थाना होडल में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही ओयो गेस्ट हाउस के संचालकों और इन्हें किराये पर देने वाले मकान मालिकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई है।
डीएसपी ने स्पष्ट किया कि देह व्यापार जैसे अवैध धंधों के खिलाफ भविष्य में भी इस तरह की सख्त छापेमारी जारी रहेगी, ताकि जिले में अनैतिक गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।