लुधियाना। महानगर लुधियाना में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। लुधियाना कोर्ट कॉम्प्लेक्स में बम होने की सूचना मिलने के बाद अफरा-तफरी मच गई। धमकी भरी ई-मेल मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और एहतियातन पूरे अदालत परिसर को खाली करा लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, एक ई-मेल के जरिए दावा किया गया कि कोर्ट कॉम्प्लेक्स के भीतर बम रखा गया है। सूचना मिलते ही वकीलों, न्यायालय कर्मचारियों और अदालत में आए लोगों में दहशत फैल गई। हालात को देखते हुए कोर्ट रूम और अधिवक्ताओं के चैंबर्स तुरंत खाली करवाए गए।
मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता पहुंचा। पुलिस ने कोर्ट परिसर को चारों ओर से घेरते हुए सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया है। परिसर के अंदर और बाहर मौजूद संदिग्ध बैगों, वस्तुओं तथा पार्किंग में खड़े वाहनों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लुधियाना कोर्ट पहले भी सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील रहा है, इसलिए किसी भी सूचना को हल्के में नहीं लिया जा रहा। हालांकि प्रारंभिक जांच में यह धमकी झूठी प्रतीत हो रही है, फिर भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरतते हुए हर पहलू की जांच कर रही हैं।
फिलहाल जांच पूरी होने तक कोर्ट कॉम्प्लेक्स में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।