होशियारपुर | होशियारपुर के कृषि भवन असलामाबाद के पास मंगलवार शाम को एक सनसनीखेज घटना हुई, जब ऑल्टो कार में सवार एक युवक पर कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी। घटना उस समय हुई जब जिले में लोग लोहड़ी का पर्व हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मना रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शांति नगर निवासी साहिल अपने एक मित्र के साथ ऑल्टो कार में जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक व्यक्ति ने लगातार हूटर बजाया। साहिल द्वारा इसे रोकने के लिए कहा गया, जिसके बाद वह व्यक्ति अपनी माता और कुछ अन्य लोगों के साथ घटना स्थल पर पहुंचा। आरोप है कि उनमें से एक ने साहिल की कार पर तीन राउंड फायर किए।
साहिल ने बताया कि एक गोली कार के उस हिस्से में लगी, जिससे अगर वह थोड़ी आगे बढ़ती तो उसके सिर को भी लग सकती थी। उन्होंने कहा कि हमलावरों में दो महिलाएं, एक महिला का दामाद, उसका दोहता और दो अज्ञात व्यक्ति शामिल थे। इस दौरान एक महिला भी उनके साथ मौजूद थी।
पीड़ित साहिल का कहना है कि उसकी किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं है। उन्होंने आशंका जताई है कि यह हमला किसी साजिश के तहत करवाया गया हो सकता है। मौके पर पहुंचे साहिल के पिता राजकुमार ने बताया कि उनके परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, बावजूद इसके उनके बेटे पर जानलेवा हमला किया गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर के एसएचओ हरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फायरिंग की इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।