लुधियाना । पंजाब की औद्योगिक नगरी लुधियाना में सर्दी ने इस बार सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। लगातार पड़ रहे घने कोहरे के चलते शहर में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई है, जिससे सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुबह के समय तेज रफ्तार वाहन भी रेंगते हुए नजर आए और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर गुरुवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि शुक्रवार के लिए ऑरेंज और उसके बाद येलो अलर्ट घोषित किया गया है। दिन में हल्की धूप निकलने के बावजूद ठंड का असर कम नहीं हुआ। लोग गलियों, मोहल्लों और पार्कों में धूप सेंकते दिखे, लेकिन कंपकंपाती ठंड से राहत नहीं मिल सकी। कई स्थानों पर लोग दिन के समय भी लकड़ियां और उपले जलाकर हाथ-पांव सेंकते नजर आए।
पंजाब कृषि विश्वविद्यालय की मौसम वैज्ञानिक डॉ. पवनीत कौर किंगरा ने बताया कि लुधियाना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह वर्ष 1970 के बाद दूसरा सबसे कम तापमान है, जिससे पिछले 56 वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 जनवरी को उत्तर-पूर्वी पंजाब के कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, हालांकि लुधियाना में बारिश के आसार नहीं हैं। फिलहाल शहर में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं।