जालंधर | जालंधर जिले के शाहकोट क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। गांव बाऊपुर खुर्द में 15 से 20 हथियारबंद युवकों ने एक घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग और तोड़फोड़ की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस वारदात में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
पीड़ित बलजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लोहड़ी के दिन गांव के कुछ शरारती युवक उनसे लोहड़ी मांग रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा किसी काम से घर लौट रहा था, तभी उन युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। बेटे ने घर आकर पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार ने गांव के लोगों को इस बारे में अवगत कराया।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर आरोपी युवकों ने रंजिश पाल ली। बाद में उन्होंने पीड़ित के घर के बाहर आकर गालियां दीं। जब बलजीत सिंह का बेटा मामले की शिकायत दर्ज कराने थाने जा रहा था, तभी रामपुर गांव के पास 15–20 युवक कई गाड़ियों में सवार होकर उसका पीछा करने लगे। जान बचाकर बेटा जब घर पहुंचा तो आरोपियों ने घर पर लगभग सात राउंड फायरिंग कर दी।
फायरिंग के साथ-साथ आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए करीब 20 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।