चरखी-दादरी | चरखी-दादरी जिले में नेशनल हाईवे 152डी पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव चिड़िया के पास एक सेंट्रो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य युवक घायल हो गए। सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।
मृतक की पहचान कुशल गोयल के रूप में हुई है, जो पंजाब के पटियाला जिले के गांव ककराला का रहने वाला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दादरी के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब के पटियाला जिले से फोटोग्राफरों की एक टीम राजस्थान के सीकर जिले के रींगस क्षेत्र के पास स्थित मुंडरू गांव में आयोजित तीन दिवसीय कीर्तन समारोह की कवरेज के लिए जा रही थी। टीम में शामिल पांचों युवक देर रात करीब दो बजे सेंट्रो कार में पटियाला से रवाना हुए थे।
शुक्रवार सुबह जब उनकी कार नेशनल हाईवे 152डी पर गांव चिड़िया के समीप पहुंची, तभी अचानक सड़क पर एक पशु आ गया। पशु को बचाने के प्रयास में कार चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन तेज गति से डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कुशल गोयल की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में भारत भूषण, शेखर, तरसेम और कर्णवीर को हल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही चिड़िया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जांच अधिकारी एएसआई कप्तान सिंह ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।