Bilaspur, Subhash-:बिलासपुर के शक्तिपीठ माता नैना देवी मंदिर में माघ मास के शुक्ल पक्ष के गुप्त नवरात्रि आज से बड़ी श्रद्धा और धूमधाम के साथ शुरू हो गए। सुबह की आरती और पूजा-अर्चना के साथ माता जी के दरबार में गुप्त नवरात्रो का शुभारंभ हुआ।पूरे वर्ष में चार नवरात्रि मनाई जाती हैं, जिनमें दो गुप्त नवरात्रि शामिल हैं। आषाढ़ मास और माघ मास के गुप्त नवरात्रियों के अलावा चैत्र मास और आश्विन मास के नवरात्रियों को श्रद्धालु बड़े उत्साह से मनाते हैं।
माघ मास के गुप्त नवरात्रे के अवसर पर पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली और अन्य प्रदेशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिर न्यास और प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए हैं, ताकि दर्शन और पूजा में कोई बाधा न आए।मंदिर के पुजारी नीलम शर्मा ने बताया कि गुप्त नवरात्रियों का विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा, “गुप्त नवरात्रियों में भी श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होती है, और माताजी के दर्शनों से सभी को सुख, शांति और आशीर्वाद मिलता है।”पुजारी हरीश शर्मा ने बताया कि मंदिर में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर दी गई हैं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है।श्रद्धालुओं का कहना है कि गुप्त नवरात्रियों में दर्शन करने का अनुभव अत्यंत शुभ होता है और माता जी की कृपा से सभी को सुख-समृद्धि प्राप्त होती है। पंजाब से आए श्रद्धालु ने कहा कि हर साल वह और उनका परिवार माता नैना देवी के दर्शन के लिए विशेष रूप से आते हैं।