गुरुग्राम | गुरुग्राम जिले के फरुखनगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक का अपहरण कर उसे लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान फरुखनगर क्षेत्र के खंडेवला गांव निवासी 28 वर्षीय विनीत कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 16 जनवरी की शाम विनीत किसी काम से खेतों की ओर गया था। इसी दौरान गांव के ही कुछ युवक अर्टिगा कार में सवार होकर पंचायत भवन के पास पहुंचे और जबरन विनीत को गाड़ी में बैठाकर अगवा कर लिया।
आरोप है कि अपहरण के बाद आरोपियों ने विनीत को एक सुनसान स्थान पर ले जाकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। मारपीट के कारण वह बेहोश हो गया और उसके शरीर में कई जगह गंभीर चोटें व हड्डियों में फ्रैक्चर हो गए। इसके बाद आरोपी उसे हेलीमंडी रोड स्थित एक अस्पताल के बाहर फेंककर फरार हो गए।
गंभीर हालत में विनीत को पहले फरुखनगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने बताया कि विनीत की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। उसका डेढ़ साल का एक बेटा है और पत्नी गर्भवती है। परिवार का आरोप है कि सभी आरोपी गांव के ही रहने वाले हैं और आपस में दोस्त हैं। घटना से दो दिन पहले विनीत और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया।
फरुखनगर थाना पुलिस का कहना है कि पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।