नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालते ही नितिन नबीन सक्रिय एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। उन्होंने संगठनात्मक मजबूती और राजनीतिक रणनीति को धार देने के लिए हरियाणा भाजपा की पहली अहम बैठक बुलाने का फैसला लिया है। यह बैठक नई दिल्ली में आयोजित होगी, जिसमें राज्य के शीर्ष नेता हिस्सा लेंगे।
बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा की मौजूदगी तय मानी जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह बैठक नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद हरियाणा को लेकर पहली औपचारिक समीक्षा बैठक होगी, जिसे संगठन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस दौरान हरियाणा भाजपा के संगठनात्मक ढांचे, आगामी राजनीतिक चुनौतियों और जमीनी फीडबैक पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। खास तौर पर दक्षिण हरियाणा में पार्टी नेताओं के बीच चल रही सियासी खींचतान और अंदरूनी मतभेदों पर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष सीधे तौर पर फीडबैक लेंगे और समाधान की दिशा तय करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ यह हरियाणा नेताओं की पहली बैठक है और इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में संगठन को और मजबूत करने, समन्वय बढ़ाने तथा आने वाले समय की रणनीति पर गहन मंथन होगा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नितिन नबीन की यह पहल संकेत देती है कि पार्टी नेतृत्व राज्यों में संगठन को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है। हरियाणा बैठक के जरिए भाजपा नेतृत्व जमीनी स्तर पर संदेश देना चाहता है कि अनुशासन, समन्वय और संगठन की मजबूती सर्वोच्च प्राथमिकता में रहेगी।