रायगंज। पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर गुरुवार को हालात बेकाबू हो गए। इटाहार इलाके में एक व्यक्ति की आत्महत्या के बाद उपजे आक्रोश ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्साई भीड़ ने SIR की सुनवाई के लिए बनाए गए कैंप पर हमला कर दिया, जिसमें कई अधिकारियों को जान बचाकर भागना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, इटाहार के मुरालीपुकुर गांव निवासी चंदू सरकार (51) का शव गुरुवार सुबह उनके घर के पास एक आम के पेड़ से लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि चंदू की पत्नी जिन्नातुन खातून के नाम पर SIR सुनवाई का नोटिस आया था, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में था। परिजनों और स्थानीय लोगों का दावा है कि सुनवाई के दबाव के कारण ही उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
घटना की खबर फैलते ही सुबह करीब साढ़े 11 बजे सैकड़ों लोग लाठी-डंडों के साथ इटाहार हाई स्कूल पहुंचे, जहां उस समय SIR की सुनवाई चल रही थी। उग्र भीड़ ने अधिकारियों पर हमला कर दिया। इटाहार क्षेत्र के कुछ अधिकारी किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि पतिराजपुर क्षेत्र से आए अधिकारियों को निशाना बनाया गया। हमले में कई अधिकारी घायल हो गए।
भीड़ ने स्कूल परिसर में रखे टेबल, कुर्सियां और बेंच तोड़ डाले तथा महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज फाड़कर नष्ट कर दिए। उस समय स्कूल में पढ़ाई चल रही थी, जिससे छात्र और शिक्षक दहशत में आ गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। रायगंज के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुंतल बंद्योपाध्याय भी घटनास्थल पर पहुंचे। हालात सामान्य होने तक कई घंटों के लिए सुनवाई प्रक्रिया रोक दी गई, जिसे बाद में कड़ी सुरक्षा के बीच दोबारा शुरू किया गया।
शव ले जाते समय सड़क जाम, विधायक भी उतरे विरोध में
इधर, मृतक चंदू सरकार के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाते समय इटाहार चौक पर 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया गया। तृणमूल कांग्रेस के विधायक मुशर्रफ हुसैन अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात प्रभावित रहा। इसके बाद प्रशासन ने पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया।
मालदा में मंदिर में तोड़फोड़, स्थानीय लोगों में आक्रोश
इसी बीच, मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर थाना क्षेत्र में स्थित हरिबासर मंदिर में अज्ञात लोगों द्वारा रात के अंधेरे में पांच मूर्तियों को क्षतिग्रस्त करने की घटना सामने आई है। मंदिर परिसर में टूटी मूर्तियां मिलने से स्थानीय लोगों में भारी रोष है। हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एकजुट होकर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
मालदा के पुलिस अधीक्षक अभिजीत बंद्योपाध्याय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।