Mandi, Dharamveer-:अयोध्या में श्रीराम मंदिर स्थापना की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर सुंदरनगर शहर पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस पावन अवसर पर व्यापार मंडल और स्थानीय नागरिकों के संयुक्त तत्वावधान में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं के बीच 61 किलो लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन हनुमान मंदिर चौक स्थित पीपल मंदिर परिसर में किया गया, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने भगवान श्रीराम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और देश व समाज की सुख-शांति की कामना की। भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।व्यापार मंडल के सदस्यों ने आयोजन की सभी व्यवस्थाएं संभालीं और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से प्रसाद वितरण किया। इस अवसर पर सुंदरनगर के विधायक एवं प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जंवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पीपल मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की।
विधायक राकेश जंवाल ने कहा कि श्रीराम मंदिर की स्थापना की तीसरी वर्षगांठ केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आस्था, संस्कार और राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों की इस भव्य आयोजन के लिए सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं।कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और श्रद्धा साफ देखने को मिली, जिससे सुंदरनगर में भक्ति का विशेष वातावरण बना रहा।