हिसार | हरियाणा के हिसार जिले में 12 जनवरी को हुई 27 लाख 92 हजार रुपये की बैंक लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी में बिहार के मुंगेर और भागलपुर तथा पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के आरोपी शामिल हैं।
संवाद सहयोगी, असरगंज (मुंगेर)। असरगंज थाना क्षेत्र के चौरगांव में छापेमारी के दौरान हरियाणा पुलिस ने धरणीधर बिंद के पुत्र कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया। इसके अलावा भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी शुक्र महतो के पुत्र गौतम कुमार और पश्चिम बंगाल के जामुरिया थाना क्षेत्र के शिवदंगा निवासी भरत मिस्त्री के पुत्र सूरज कुमार को भी हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों का मेडिकल जांच असरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराए जाने के बाद हरियाणा पुलिस ने उन्हें हिसार कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने बताया कि तीनों की पूछताछ में बैंक लूट में शामिल अन्य बदमाशों के बारे में कई अहम सुराग मिले हैं।
हरियाणा पुलिस के पीएसआइ प्रदीप कुमार ने कहा कि यह अंतरराज्यीय गिरोह लंबे समय से बैंक लूट जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहा था। आरोपी आधा दर्जन सदस्यीय गिरोह के हिस्से के रूप में हरियाणा ग्रामीण बैंक के अग्रवाल थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दे चुके थे।
घटना के दिन बदमाशों ने हथियार के बल पर बैंक में घुसकर 27 लाख 92 हजार रुपये की नकदी लूट ली थी। लूट के बाद से हरियाणा पुलिस विभिन्न राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही थी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था।
पुलिस ने यह स्पष्ट किया कि आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और पूरे गिरोह का पर्दाफाश जल्द ही किया जाएगा। असरगंज और आसपास के इलाके में पुलिस की सक्रियता को लेकर लोगों में चर्चा तेज है।