बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में शिमला–मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में पूर्व सैनिक की जान चली गई। नस्वाल कस्बे के समीप तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान देहलवीं गांव निवासी 51 वर्षीय राजेश कुमार चौहान के रूप में हुई है, जो कुछ वर्ष पहले ही भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। जानकारी के अनुसार, राजेश कुमार बीती शाम घुमारवीं से स्कूटी पर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नस्वाल के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को सामने से टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजेश कुमार सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कुछ दूरी पर आगे चल रहे एक ट्रक से जा टकराया।
हादसे के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच कार चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर घुमारवीं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
राजेश कुमार चौहान करीब चार साल पहले सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक विवाहित बेटी छोड़ गए हैं। उनका बेटा निजी कंपनी में कार्यरत है। मिलनसार और मददगार स्वभाव के राजेश कुमार की असमय मौत से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
DSP घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। फरार आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।