सोनीपत I सोनीपत में सोमवार सुबह पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में हत्या व लूट के एक आरोपी को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने की। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पांव में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल सोनीपत में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार गांव मल्हा माजरा में लूट और हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले छह आरोपियों में से यह छठा आरोपी था, जिसे अब दबोच लिया गया है। आरोपी की पहचान दिल्ली की जेजे कॉलोनी निवासी कुबेर उर्फ महिना के रूप में हुई है। इससे पहले इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बताया गया है कि सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे सफियाबाद से मुनिरपुर रोड पर स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट प्रभारी अजय धनखड़ की टीम ने आरोपी की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो आरोपी के पांव में लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से काबू में ले लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी 8 जनवरी की देर रात करीब एक बजे हुई लूट और हत्या की वारदात में शामिल था। इस घटना में साहिल के घर पर घुसकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी के साथ ही लूट और हत्या के इस मामले का जल्द पूरा खुलासा किया जाएगा।