चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा ने विपक्षी दलों में बड़ी राजनीतिक सेंधमारी की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। जननायक जनता पार्टी के पूर्व विधायक चौधरी ईश्वर सिंह को पार्टी में शामिल कर इस अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। इसके साथ ही भाजपा ने संगठन को मजबूत करने और नियंत्रित तरीके से नई ज्वाइनिंग सुनिश्चित करने के लिए राज्य और जिला स्तर पर ज्वाइनिंग कमेटियों का गठन किया है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक अब तक भाजपा में ज्वाइनिंग कुछ गिने-चुने नेताओं की सहमति से हो जाती थी, लेकिन नई व्यवस्था के तहत संगठन की भूमिका निर्णायक होगी। अब किसी भी नेता की पार्टी में एंट्री से पहले स्क्रीनिंग अनिवार्य होगी और बिना संगठन की अनुमति के कोई भी ज्वाइनिंग नहीं हो सकेगी।
राज्य और जिला स्तर पर कमेटियों का गठन
चौधरी ईश्वर सिंह और उनके परिवार के राजनीतिक सदस्यों को पार्टी में शामिल कराने के तुरंत बाद भाजपा ने राज्य व जिला स्तरीय ज्वाइनिंग कमेटियों का ऐलान किया। इन कमेटियों को विपक्ष से आने वाले नेताओं के राजनीतिक रिकॉर्ड, छवि और संगठनात्मक उपयोगिता की जांच का जिम्मा सौंपा गया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहले ही संकेत दे चुके हैं कि विपक्ष के कई विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि सभी से बातचीत संगठन के दायरे में रहकर ही होगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भाजपा में कई बड़े नाम शामिल हो सकते हैं।
नाराज और बागी नेताओं की घर वापसी की तैयारी
भाजपा उन नेताओं की भी वापसी का रास्ता खोल रही है, जो टिकट न मिलने या विरोधियों को टिकट दिए जाने से नाराज होकर पार्टी छोड़ चुके थे। ऐसे नेता फिलहाल अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा के संपर्क में हैं, लेकिन अब उनकी औपचारिक घर वापसी के लिए प्रक्रिया तय की जा रही है।
चार वरिष्ठ नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी
प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया से विचार-विमर्श के बाद राज्य स्तरीय ज्वाइनिंग कमेटी का गठन किया है। इसमें भाजपा संसदीय बोर्ड और चुनाव समिति की सदस्य डॉ. सुधा यादव, कैबिनेट मंत्री व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार बेदी, पूर्व शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर और पूर्व शहरी निकाय मंत्री सुभाष सुधा को शामिल किया गया है।
इन चारों वरिष्ठ नेताओं की सहमति के बाद ही किसी भी नई ज्वाइनिंग या बागी नेताओं की घर वापसी पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। वहीं जिला स्तर पर दो से तीन नेताओं की कमेटियां बनाई गई हैं, जिनमें जमीनी स्तर पर सक्रिय नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पुनिया की ओर से जारी आदेश के अनुसार कुरुक्षेत्र जिले के लिए दीपक शर्मा और नवगठित हांसी जिले के लिए सुनीता दांगी को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी का मानना है कि इस नई रणनीति से संगठन मजबूत होगा और राजनीतिक संतुलन साधने में मदद मिलेगी।