जुलाना I जुलाना के किलाजफरगढ़ गांव के पास एनएच-152डी पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। किलाजफरगढ़ टोल प्लाजा के नजदीक दो ट्रकों की आमने-सामने नहीं बल्कि पीछे से टक्कर हो गई, जिसमें एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े नौ बजे राजस्थान से पंजाब की ओर जा रहे एक ट्रक ने टोल प्लाजा के पास रफ्तार धीमी की। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे दूसरे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक, राजस्थान निवासी द्वारिका, केबिन में बुरी तरह फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं ट्रक में सवार परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे एंबुलेंस के जरिए जींद के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जींद के सामान्य अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।