Shimla, 28 January-:हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुई ताजा बर्फबारी ने पर्यटन उद्योग में नई जान फूंक दी है। लंबे समय से सुस्ती का सामना कर रहे होटल, टैक्सी और रेस्टोरेंट कारोबारियों के चेहरों पर अब खुशी साफ नजर आने लगी है। बर्फ गिरते ही प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की आमद तेजी से बढ़ी है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
शिमला, मनाली, कुफरी, चायल, कसौली और सोलंगनाला जैसे प्रसिद्ध पर्यटन केंद्रों पर इन दिनों भारी भीड़ देखी जा रही है। पर्यटक बर्फ से ढकी वादियों में घूमने, स्कीइंग और स्नो प्ले जैसी गतिविधियों का जमकर आनंद ले रहे हैं। होटल कारोबारियों के अनुसार आने वाले एक सप्ताह के लिए 40 से 60 प्रतिशत तक एडवांस बुकिंग पहले ही हो चुकी है, जो इस सीजन के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है।मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में एक बार फिर बर्फबारी की संभावना जताए जाने के बाद पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। वीकेंड और छुट्टियों को देखते हुए बड़ी संख्या में सैलानी पहले से ही अपनी यात्राओं की योजना बना रहे हैं।फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष गजेंद्र चंद ठाकुर ने कहा कि यदि मौसम अनुकूल बना रहा तो यह पर्यटन सीजन पिछले नुकसान की भरपाई करने में सहायक साबित हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से सड़कों की स्थिति दुरुस्त रखने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने की अपील की है, ताकि पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो और पर्यटन को और बढ़ावा मिल सके।