कैथल | कैथल जिले में नेशनल हाईवे-152D पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कुरुक्षेत्र रोड पर रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ, जब कार के सामने अचानक एक पशु आ गया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया।
हादसे में चिरंजीव कॉलोनी निवासी 74 वर्षीय देवराज, उनकी पत्नी 72 वर्षीय उषा और 45 वर्षीय बेटे सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार देवराज का 19 वर्षीय पोता हनुमंत घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शीशे तोड़कर सभी घायलों को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां मौत की खबर सुनते ही कोहराम मच गया।
परिजनों ने बताया कि देवराज शाहबाद के एक अस्पताल में पैरों में सूजन की बीमारी का इलाज करवा रहे थे और 15 दिन बाद मंगलवार शाम को ही उन्हें छुट्टी मिली थी। बेटा सचिन उन्हें लेने गया था। परिवार के अन्य सदस्य भी साथ थे। सभी वैगनआर कार से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
परिवार में 5 फरवरी को शादी समारोह होना था। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और देवराज के घर लौटने से परिवार में खुशी का माहौल था, जो इस हादसे के बाद मातम में बदल गया।
सदर थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि पुलिस ने मामले में इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।