करनाल | हरियाणा के करनाल में शुक्रवार शाम करीब साढ़े तीन बजे रामनगर स्थित सूर्य मंदिर के समीप पश्चिमी यमुना नहर से एक व्यक्ति का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक की पहचान श्याम सुंदर (45) पुत्र कृष्ण कुमार, निवासी मकान नंबर 2681, सेक्टर 37-सी, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मृतक के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी शिनाख्त की गई। शव की प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि मृतक की जेब से नकदी की गड्डी भी बरामद हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकालकर कब्जे में लिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज, करनाल भेज दिया गया है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।