कैथल। कैथल जिले के कलायत क्षेत्र में नेशनल हाईवे-152 पर स्थित कैलरम गांव के पास एक प्लास्टिक कबाड़ गोदाम में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में गोदाम में रखा लाखों रुपये का प्लास्टिक और अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय गोदाम में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें दूर से नजर आने लगीं। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को मौके पर बुलाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास बनी झुग्गियों को एहतियातन खाली करा लिया गया, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब तीन घंटे में आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।