रोहतक | रोहतक में विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के आदेश पर बड़ी वारदात की साजिश नाकाम कर दी गई है। पुलिस ने करनाल के बिंदर गुर्जर गिरोह से भारी मात्रा में हथियार मंगवाने वाले दो युवकों को जलेबी चौक से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहबाद निवासी रमन और पानीपत निवासी रवींद्र के रूप में हुई। उनके कब्जे से 13 रिवॉल्वर और दो देशी पिस्तौल बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा।
एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बताया कि जिले में सक्रिय गिरोह बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। गिरोह ने दूसरे गिरोह से भारी हथियार मंगवाए थे, लेकिन सीआईए द्वितीय प्रभारी सतीश कादियान को इसकी भनक लग गई और पुलिस ने नाका लगाकर कार्रवाई की। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वे बिना नंबर की बाइक पर हथियार लेकर आ रहे थे। तलाशी में 12 पिस्तौल (.30 और .23 बोर), 2 देशी पिस्तौल (315 बोर) और 34 कारतूस बरामद किए गए।
एसपी ने चेतावनी दी कि विदेश में बैठे गैंगस्टर सोशल मीडिया के जरिए ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं से संपर्क करते हैं और लालच दिखाकर उन्हें गिरोह में शामिल कर आपराधिक गतिविधियों में धकेलते हैं। युवाओं से अपील की गई है कि ऐसे गिरोहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। जिले में अवैध हथियार लगातार आ रहे हैं और जनवरी माह में अब तक 34 हथियार बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस ने अवैध हथियारों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया हुआ है।