नाभा। डेरा ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों एक बार फिर नाभा जेल जाकर शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, 2 फरवरी को बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों का नाभा जेल जाने का कार्यक्रम तय हुआ है और इस दौरान मजीठिया से भेंट का समय भी निर्धारित किया गया है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों नाभा जेल पहुंचे थे और उस दौरान दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई थी। उस मुलाकात के बाद बिक्रम सिंह मजीठिया ने सोशल मीडिया के जरिए डेरा प्रमुख का आभार जताया था। यह भेंट उस समय राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी थी।
सूत्र बताते हैं कि बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों और मजीठिया की पिछली मुलाकात कुछ राजनीतिक दलों को रास नहीं आई थी, हालांकि डेरा प्रमुख ने इन प्रतिक्रियाओं की परवाह किए बिना अपने संबंधों को निभाना जारी रखा। माना जा रहा है कि यदि यह दूसरी मुलाकात होती है, तो यह संदेश जाएगा कि बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों अपने करीबी लोगों के साथ कठिन समय में भी मजबूती से खड़े रहते हैं, भले ही परिस्थितियां कितनी ही चुनौतीपूर्ण क्यों न हों।
उल्लेखनीय है कि बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों और बिक्रम सिंह मजीठिया के बीच पारिवारिक संबंध भी बताए जाते हैं, जिससे इस प्रस्तावित मुलाकात को और भी अहम माना जा रहा है।