नरवाना | नरवाना के गांधी नगर वार्ड 14 में एक दर्दनाक हादसा हुआ। मकान की पुरानी छत अचानक गिर गई, जिससे मकान के अंदर मौजूद 28 वर्षीय उषा रानी और उसकी दो वर्षीय बेटी मायरा के दब जाने से उनकी मौत हो गई। हादसे के समय परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर थे।
पीड़ित परिवार पिछले चार-पांच वर्षों से इस मकान में किराए पर रह रहा था। उषा का पति आशीष, जो मकानों में पेंटिंग का काम करता है, उस समय काम पर गया हुआ था। वहीं, आशीष की मां अपनी दो बड़ी पोतियों को स्कूल छोड़ने गई थी। मायरा इस परिवार की तीन बेटियों में सबसे छोटी थी।
घटना सुबह लगभग आठ बजे हुई। अचानक छत गिरने से दोनों मां-बेटी दब गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत निकालकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया।
इस हादसे की खबर सुनकर सामाजिक एवं अधिकारिता मंत्री एवं स्थानीय विधायक कृष्ण बेदी ने परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
मौके पर पहुंची स्थानीय प्रशासनिक टीम ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मकान काफी पुराना था और यह हादसा निर्माण की दुर्गति के कारण हुआ। प्रशासन ने आसपास के घरों में भी सुरक्षा के मद्देनजर जांच और आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए हैं।