ब्राजील।ब्राजील के उत्तर-पूर्वी राज्य अलागोआस में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें कम से कम 15 श्रद्धालुओं की जान चली गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। यह हादसा उस समय हुआ, जब एक बस धार्मिक मेले से लौट रही थी और तेज मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर पलट गई।
अधिकारियों के अनुसार, बस में करीब 60 यात्री सवार थे। ग्रामीण क्षेत्र से गुजरते समय चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे बस पलट गई। हादसे की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कई यात्री बस से बाहर गिर पड़े, जबकि कुछ लोग वाहन के नीचे दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
अलागोआस की क्षेत्रीय सरकार ने हादसे में 15 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में पांच पुरुष, सात महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सभी यात्री ‘आवर लेडी ऑफ कैंडेलारिया’ धार्मिक उत्सव से लौट रहे थे। यह उत्सव हर वर्ष 2 फरवरी को मनाया जाता है और इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु हिस्सा लेते हैं।
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। अलागोआस एविएशन विभाग के निदेशक कर्नल आंद्रे मदीरो ने बताया कि कई यात्री बस से बाहर फेंके गए थे और कुछ वाहन के नीचे फंसे हुए थे, जिन्हें निकालने में काफी समय लगा।
इस हादसे पर राज्य के गवर्नर पाउलो डांटास ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए अलागोआस में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। गौरतलब है कि ब्राजील में सड़क हादसे लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं।