फरीदाबाद | फरीदाबाद में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के एजेंडे में राष्ट्रीय सुरक्षा कभी प्राथमिकता नहीं रही। गुर्जर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश के अंदर हो या विदेश में, हमेशा भारतीय सेना को कटघरे में खड़ा करने का काम करते हैं और इससे सेना का मनोबल टूटता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लगातार चुनावी हार के कारण राहुल गांधी मानसिक संतुलन खो चुके हैं और उन्हें यह समझ नहीं आता कि क्या बोलना चाहिए और क्या नहीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी बार-बार देश के खिलाफ और दुश्मन देशों के पक्ष में बयान देते रहते हैं।
टैरिफ के मुद्दे पर बोलते हुए कृष्णपाल गुर्जर ने राहुल गांधी के बयान को गलत ठहराया। उन्होंने कहा कि जब अमेरिका ने टैरिफ लगाया था तो इसकी घोषणा अमेरिका ने की थी और अगर टैरिफ हटाया जाएगा तो इसकी घोषणा भी अमेरिका ही करेगा, भारत नहीं। उन्होंने कहा कि किसी देश द्वारा टैक्स बढ़ाने या घटाने की घोषणा वही देश करता है, दूसरा देश नहीं।
गुर्जर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बचाव करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कभी किसी दबाव में काम नहीं करते और उनके लिए देश का हित सर्वोपरि है। उन्होंने दावा किया कि दुनिया की कोई भी ताकत भारत को झुका नहीं सकती। प्रधानमंत्री मोदी हमेशा भारत के हितों को लेकर स्पष्ट रहते हैं और जरूरत पड़ने पर आंखों में आंख डालकर बात करते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ में भारत पर सबसे कम असर पड़ा है और यह आसपास के देशों की तुलना में कम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेंगे।