नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के साथ वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता ने वित्तीय बाजारों में हलचल बढ़ा दी है। इसका सीधा असर क्रिप्टोकरेंसी बाजार पर भी देखने को मिला, जहां भारी बिकवाली के कारण बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
विशेषज्ञों के मुताबिक, निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता कमजोर होने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतियों को लेकर बढ़ती अनिश्चितता ने क्रिप्टो मार्केट पर दबाव बढ़ा दिया है। गिरावट के बाद वैश्विक क्रिप्टो मार्केट कैप घटकर करीब 2.41 ट्रिलियन डॉलर रह गया है।
इसी बीच बिटकॉइन की कीमत में बड़ी गिरावट देखने को मिली। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका-ईरान तनाव और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा फेड के संभावित नए चेयरमैन के रूप में केविन वॉर्श के नामांकन की चर्चा के बाद जोखिम भरे निवेशों में बिकवाली बढ़ गई। इसके चलते बिटकॉइन करीब 7.87 फीसदी गिरकर 70,449.12 डॉलर पर पहुंच गया।
अन्य प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी भी दबाव में रहीं। इथेरियम में बीते 24 घंटे में 6.23 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई और कीमत घटकर 2,115.33 डॉलर रह गई। वहीं सोलाना करीब 7.71 फीसदी टूटकर 90.63 डॉलर पर आ गई। इसके अलावा डॉगकॉइन में भी 4.33 फीसदी की गिरावट आई और यह 0.1024 डॉलर पर कारोबार करता दिखा।
विश्लेषकों का मानना है कि जब तक वैश्विक हालात और अमेरिकी मौद्रिक नीति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक क्रिप्टो बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है।