गुरुग्राम | अब ट्रैफिक चालान की गलतियों को सुधारने के लिए वाहन मालिकों को पुलिस स्टेशन या कोर्ट के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। गुरुग्राम पुलिस ने आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजिटल प्रक्रिया शुरू की है, जिससे गलत चालानों को ऑनलाइन सही कराया जा सकेगा।
डीसीपी ट्रैफिक, डॉ. राजेश मोहन ने बताया कि कई बार कैमरों की तकनीकी खराबी या नंबर प्लेट सही से न पढ़ पाने के कारण निर्दोष वाहन चालकों के पास गलत चालान पहुँच जाते थे। अब इसे सुधारने के लिए दो विकल्प उपलब्ध हैं।
पहला, चालान मिलने पर वाहन मालिक को SMS में लिंक प्राप्त होगा। इस लिंक के माध्यम से वह 10 दिनों के भीतर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। शिकायत करने पर चालान जारी होने से पहले ही कैंसिल या सही वाहन पर ट्रांसफर किया जा सकता है।
दूसरा विकल्प ईमेल के माध्यम से है। यदि 10 दिन बीत चुके हैं और पोस्टल या मैनुअल चालान जारी हो गया है, तो वाहन मालिक 90 दिनों के भीतर साक्ष्यों के साथ अपनी शिकायत dcp.trafficggn@hry.nic.in पर भेज सकते हैं। डीसीपी कार्यालय इसे सीधे समीक्षा कर सही करेगा।
डॉ. राजेश मोहन ने स्पष्ट किया कि “ड्रंक एंड ड्राइव, बिना परमिट और नो-एंट्री” जैसे गंभीर उल्लंघन इस ऑनलाइन समाधान श्रेणी में शामिल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कई बार कैमरे नंबर प्लेट को गलत पढ़ लेते हैं या तकनीकी खामी के कारण SMS दूसरे वाहन मालिक को चला जाता है।
उन्होंने कहा, “अब वाहन मालिकों को ट्रैफिक पुलिस के दफ्तर या कोर्ट के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। हमारा उद्देश्य जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि नियमों का सही पालन सुनिश्चित करना है।” गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि यह पहल वाहन मालिकों की सुविधा और समय बचाने के लिए की गई है, ताकि आम जनता नियमों का पालन करते हुए किसी परेशानी के बिना अपने चालान सुधार सकें।