हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) में एक पीएचडी छात्रा ने बायोटेक्नोलॉजी विभाग के दो असिस्टेंट प्रोफेसरों पर छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत सामने आते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए दोनों आरोपित शिक्षकों को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार छात्रा ने असिस्टेंट प्रोफेसर अजीव सांगवान और नवीन कौशिक पर लंबे समय से परेशान करने का आरोप लगाया है। छात्रा का कहना है कि उसे लगातार असहज किया जा रहा था और व्हाट्सएप के माध्यम से भी आपत्तिजनक संदेश भेजे गए।
पीड़िता ने पहले इस मामले की शिकायत विभाग के डीन प्रो. केडी शर्मा से की थी, लेकिन जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो छात्रा सीधे कुलपति से मिली और पूरी घटना की जानकारी दी। कुलपति ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से दोनों असिस्टेंट प्रोफेसरों को सस्पेंड कर दिया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक समिति भी गठित कर दी है। समिति शिकायत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य सबूतों को भी खंगाला जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद समिति अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि आरोपित असिस्टेंट प्रोफेसर अजीव सांगवान इसी विश्वविद्यालय का पूर्व छात्र भी रह चुका है। वहीं, प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।
विश्वविद्यालय प्रवक्ता ने कहा कि छात्रा की शिकायत मिलते ही निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए दोनों शिक्षकों को निलंबित किया गया है और मामले की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी।