चंडीगढ़ । पंजाब में किसान आंदोलन से जुड़े नेताओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के ब्लॉक नेता हरजिंदर सिंह घराचों की गिरफ्तारी के लिए बुधवार को भारी पुलिस बल उनके घर पहुंचा और छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार किसानों ने बठिंडा जेल में बंद दो किसान नेताओं की रिहाई की मांग को लेकर आज उपायुक्त कार्यालय, बठिंडा के सामने पक्का धरना देने का ऐलान किया था। इसी को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस टीम जबरन घर के अंदर दाखिल हुई, जिससे वहां मौजूद महिलाओं ने विरोध जताया और शोर मचाया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस धक्कामुक्की करते हुए घर में घुसी, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया और लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
इसी क्रम में पुलिस ने किसान नेता जोगिंदर सिंह उगराहां, हरजिंदर सिंह घराचों और हरजीत महलां सहित कई अन्य किसान नेताओं के आवासों पर भी गिरफ्तारी के उद्देश्य से छापेमारी की। हालांकि, सभी नेता पहले से घर से बाहर होने के कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर किसान संगठनों में रोष देखा जा रहा है और इसे आंदोलन को दबाने का प्रयास बताया जा रहा है।