काठमांडू। नेपाल के बैताडी जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रहे यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में कम से कम आठ लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 45 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब आठ बजे हुआ। बस बैताडी जिले के पुरचौड़ी नगरपालिका क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी पहाड़ी और संकरे मार्ग पर चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। दुर्गम और खतरनाक सड़क के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
यह हादसा पश्चिमी नेपाल के पुरचौड़ी-7 अंतर्गत बडगाऊ इलाके में हुआ। मृतकों में सात पुरुष और एक महिला शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।