नूंह। पुलिस ने नशा विरोधी अभियान के तहत फिरोजपुर झिरका में एक तस्कर राशिद को गिरफ्तार किया। उसके पास से 24 ग्राम हेरोइन, 1750 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीएस स्टाफ को सूचना मिली थी कि मुंबई हाईवे के पास, गांव नाहरिका के खेतों में एक व्यक्ति नशीला पदार्थ बेचने के लिए खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को काबू कर लिया।
गिरफ्तार व्यक्ति ने अपनी पहचान राशिद, पुत्र हारुण, निवासी गांव महूं, थाना सदर, फिरोजपुर झिरका, जिला नूंह के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से प्लास्टिक की पन्नियों में पैक 24 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा उसके पास से 1750 रुपये नकद और मोबाइल भी जब्त किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।