गुरुग्राम। जिले के अलग-अलग इलाकों में दो युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिवारों को सौंप दिया। आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस इस संबंध में परिवारों से पूछताछ कर रही है।
पहला मामला IMT मानेसर क्षेत्र का है। खोह गांव में किराए के मकान में रहने वाले 22 वर्षीय हैप्पी सिंह ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने बताया कि हैप्पी मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के भैसाही खुर्द गांव का रहने वाला था। वह खोह गांव में एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था। शुक्रवार दोपहर को पड़ोसियों ने उसे कमरे में लटका हुआ पाया और पुलिस को सूचना दी।
दूसरा मामला सेक्टर 10A पुलिस थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव का है। हरिजन चौपाल के पास रहने वाले 18 वर्षीय कृष्णा कुमार ठाकुर ने फांसी लगाकर आत्महत्या की। कृष्णा कुमार अपने पिता और भाई के साथ यहीं रहते थे। वह मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के पिपराही गांव का निवासी था और कुछ दिन पहले ही अपने परिवार के साथ गुरुग्राम आया था। शुक्रवार शाम को उसका शव कमरे में लटका हुआ पाया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस घटनाओं की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आत्महत्या के पीछे क्या कारण थे।