जालंधर |कांग्रेस विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री परगट सिंह ने भगवंत मान सरकार पर किसानों के खिलाफ सख्ती बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल लोकतंत्र पर हमला है। उन्होंने इसे “तानाशाही रवैया” करार दिया और कहा कि “आंसू गैस के धुएं में लोकतंत्र सांस नहीं ले सकता।”
परगट सिंह ने कहा कि किसान देश का पेट भरने वाले लोग हैं और उनके साथ बातचीत व न्यायपूर्ण समाधान होना चाहिए, न कि दमन और बल प्रयोग। उन्होंने दावा किया कि बठिंडा में किसानों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का प्रयोग कर सरकार ने अपनी असलियत उजागर कर दी है।
उन्होंने आगे कहा कि इससे पहले हरियाणा में भाजपा सरकार ने पंजाब सीमा के भीतर किसानों पर आंसू गैस और ड्रोन का इस्तेमाल किया था, जिसमें युवा किसान शुभकरण सिंह की मौत हो गई थी। परगट सिंह ने आरोप लगाया कि इस मामले में भगवंत मान सरकार ने आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे भाजपा के साथ मिलीभगत का संदेह पैदा होता है।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि पंजाब सरकार को किसानों के मुद्दों पर संवेदनशीलता दिखानी चाहिए और बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसानों पर इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो जनता सरकार को जवाब जरूर देगी।