जालंधर | जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबराय की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कई अहम तथ्य सामने आए हैं। मृतक का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में मौत के लगभग 12 घंटे बाद तीन डॉक्टरों की विशेष टीम द्वारा किया गया। टीम में डॉ. अरोड़ा, डॉ. बेअंत सिंह और डॉ. अभिषेक शामिल थे।
पोस्टमार्टम में पता चला कि लक्की के शरीर से कुल 5 गोलियां बरामद हुई हैं। डॉक्टरों के अनुसार, एक गोली गले के दाहिने हिस्से में लगी, जबकि दो गोलियां छाती में लगी थीं। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी फायर के निशान मिले। गोलियां शरीर में गहराई तक फंसी हुई थीं, जिसे निकालने में काफी समय लगा। कुछ गोलियां शरीर को छूकर बाहर निकल गईं, जबकि कुछ अंदर ही रह गईं। लक्की ओबराय का अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर 1 बजे मॉडल टाउन स्थित श्मशानघाट में किया जाएगा।
संदिग्ध नौकर लापता
इस हत्या के बाद मृतक के घर का नौकर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। पुलिस इस पहलू को गंभीरता से देख रही है और पूछताछ के लिए खोजबीन कर रही है।
पुलिस जांच और सुराग
पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।