लाडवा (कुरुक्षेत्र)। लाडवा–पिपली मार्ग पर शनिवार देर शाम थ्री व्हीलर और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में थ्री व्हीलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर लाडवा के सरकारी अस्पताल भिजवाया। जांच अधिकारी एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान राजेश के रूप में हुई है, जो कैलाश नगर, कुरुक्षेत्र का निवासी था। वह थ्री व्हीलर में टमाटर लादकर लाडवा से कुरुक्षेत्र की ओर जा रहा था।
उधर, कुरुक्षेत्र की तरफ से आ रही पिकअप में चालक सहित एक अन्य व्यक्ति सवार था। पिकअप में डीजे का सामान लदा हुआ था और वाहन लाडवा की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल पिकअप चालक और उसके साथी को उपचार के लिए लाडवा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, पिकअप चालक राजपाल के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।