कुरुक्षेत्र। ब्रह्मसरोवर के किनारे केडीबी मेला मैदान में आयोजित 41वीं राज्यस्तरीय पशुधन प्रदर्शनी में मुर्रा नस्ल का झोटा ‘विधायक’ इस बार लोगों के आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र बना रहा। अनोखी कद-काठी, दमदार रैंप वॉक और शानदार रिकॉर्ड के चलते यह झोटा प्रदर्शनी में चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रदर्शनी में ‘विधायक’ ने दो श्रेणियों में शानदार जीत दर्ज करते हुए आयोजकों और दर्शकों का दिल जीत लिया। झोटे ने ब्रीडिंग चैंपियन कैटेगरी में 2 लाख 51 हजार रुपये का इनाम हासिल किया, जबकि मुर्रा वयस्क श्रेणी में 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि जीतकर अपना दबदबा कायम रखा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सामने रैंप वॉक के दौरान भी ‘विधायक’ को विशेष सराहना मिली। मुख्यमंत्री ने इसकी शानदार फिटनेस और प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए इसे पशुधन क्षेत्र की उपलब्धि बताया।
यह झोटा पानीपत जिले के गांव डीडवाड़ी निवासी पद्मश्री नरेंद्र सिंह का है। नरेंद्र सिंह को पशुधन संरक्षण और नस्ल सुधार में उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2019 में पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया था।
नरेंद्र सिंह ने बताया कि ‘विधायक’ देशभर में आयोजित 21 से अधिक प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल कर चुका है। बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में यह लगातार विजेता रहा है।
उन्होंने बताया कि ‘विधायक’ गोलू ब्लड लाइन से संबंधित है और इसकी ऊंचाई करीब साढ़े पांच फीट है। खास बात यह है कि इस झोटे की कीमत 15 करोड़ रुपये तक आंकी जा चुकी है, लेकिन मालिक इसे बेचने के लिए तैयार नहीं हैं।