कुरुक्षेत्र । हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में गो तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान रविवार रात गो तस्करों और सीआईए टीम के बीच मुठभेड़ हुई। दोनों तरफ से गोलियां चलीं, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल रहे।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि शाहाबाद अनाज मंडी से कुछ लोग एक कैंटर में बेसहारा गाय-बैल भरकर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सीआईए-एक की टीम तुरंत सक्रिय हुई और बाबैन-सुनारिया रोड पर गश्त कर रही टीम को सूचित किया। टीम ने सुनारिया गांव से थोड़ा आगे कैंटर को देखा और रुकने का इशारा किया।
लेकिन कैंटर चालक ने रुकने की बजाय तेज रफ्तार से पुलिस वाहन को टक्कर मारने की कोशिश की। पुलिस वाहन के चालक ने मुश्किल से अपनी गाड़ी को संभाला। इसके बाद पुलिस ने पीछा शुरू किया। कैंटर का पिछला ढाला खुला होने से अंदर भरे गोवंश दिखाई दे रहे थे, लेकिन नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं थी।
पुलिस ने सायरन बजाया और डिपर मारकर वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने रफ्तार नहीं धीमी की। पीछा जारी रहने पर कैंटर में सवार दो तस्करों में से एक ने पिस्तौल निकालकर पुलिस पर दो से तीन राउंड फायरिंग की। गोलियां गाड़ी के पास से गुजर गईं। जवाब में एसआई शरणजीत सिंह ने कैंटर के टायर की दिशा में गोलियां चलाकर उसे रोकने की कोशिश की।
तस्करों ने संधौर से महुआखेड़ी गांव की ओर कैंटर भागा दिया और अंधेरे व तेज रफ्तार का फायदा उठाकर तीनों फरार हो गए। पुलिस ने बाबैन पुलिस स्टेशन में अज्ञात तस्करों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, हरियाणा गोवंश संरक्षण एवं गो हत्या निषेध अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार तस्करों की तलाश अभी जारी है।